रागी रवा उत्तपम 

रागी रवा उत्तपम स्वादिष्ट होने के साथ-साथ एक हेल्दी रेसिपी है, जो बड़ों को तो पसंद आती ही है साथ ही बच्चे भी इसे बहुत पसंद से खाते हैं। आप इसे सुबह के नाश्ते में बना सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान है।



रवा (सूजी) का उत्तपम तो आपने बहुत खाया होगा लेकिन एक बार रागी रवा उत्तपम जरूर ट्राई कीजिए । रागी या नाचनी के अनेक फायदे हैं। रागी में वसा कम और फाइबर अधिक होता है, इसके अलावा इसमें आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन जैसे तत्व भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। रागी पाचन तंत्र को मजबूत करता है और कब्ज की समस्या को भी दूर करता है। जहां तक रवा (सूजी) की बात है, तो उसके फायदे तो आप जानते ही होंगे। रवा हम कई तरह से खाने में उपयोग करते हैं जैसे रवा चीला, रवा उपमा, रवा इडली, रवा उत्तपम आदि। रवा में कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम जैसे तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है और पाचन तंत्र को मजबूत करने में मदद करता है।

आईए जानते हैं इस स्वादिष्ट उत्तपम को बनाने के लिए हमें किनकिन चीजों की आवश्यकता होगी और इसे बनाने की विधि क्या है-

रागी रवा उत्तपम बनाने के लिए आवश्यक सामग्री :  

  1. रवा = 200 ग्राम 
  2. रागी = 100 ग्राम 
  3. दही = 200 ग्राम 
  4. प्याज बारीक कटा = 1 कप
  5. गाजर बारीक कटा = आधा कप
  6. शिमला मिर्च बारीक कटा = आधा कप
  7. टमाटर बारीक कटा = आधा कप
  8. हरी मिर्च बारीक कटी हुई = 1 या 2
  9. नमक = स्वादानुसार 
  10. काली मिर्च पाउडर = आधा छोटा चम्मच
  11. अदरक लहसुन बारीक कटा हुआ = 1 छोटा चम्मच
  12. पानी (बैटर तैयार करने के लिए) = आवश्यकतानुसार 

 रागी रवा उत्तपम बनाने की विधि : 

  1. सबसे पहले एक बड़े बाउल में रागी रवा तथा दही को एक साथ मिला लेंगे और उसमें आवश्यकतानुसार पानी डालकर उससे एक बैटर (घोल) तैयार कर लेंगे।
  2. अब इस बैटर को तीन से चार घंटे के लिए रेस्ट करने देंगे ताकि यह थोड़ा फर्मेंट हो जाए।
  3. चार घंटे के बाद इस बैटर में सारी कटी हुई सब्जियां मिला लेंगे, साथ ही इसमें स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर, अदरक लहसुन का पेस्ट आदि मिला लेंगे।
  4. यदि बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो उसमें थोड़ा पानी मिलाकर अच्छे से फेंट लेंगे।
  5. अब गैस पर मीडियम आंच पर नॉन स्टिक तवा (या फिर नॉर्मल रोटी बनाने वाला तवा रखेंगे)। अब तवे पर थोड़ा सा तेल लगाकर उसे एक टिशू पेपर से चारों तरफ फैलाते हुए पोछ देंगे।
  6. अब तवे पर थोड़ा सा बैटर डालकर उसे थोड़ा फैला देंगे और गैस की आंच को थोड़ा धीमा कर देंगे।
  7. उत्तपम जब नीचे से थोड़ा पक जाएगा तो उसे पलट देंगे और दूसरी ओर से भी इसे पका लेंगे।
  8. जब दोनो ओर से अच्छे से सुनहरा हो जाए तब इसे तवे से उतार लेंगे।
  9. इसी प्रकार बाकी बैटर से भी उत्तपम तैयार कर लेंगे। 
इस प्रकार रागी रवा का स्वादिष्ट उत्तपम बनकर तैयार हो गया। पुदीने की हरी चटनी के साथ इसका स्वाद और अधिक बढ़ जाता है। आप टोमेटो केचप या नारियल की चटनी के साथ भी इसके स्वाद का आनंद ले सकते हैं।